जीतन राम मांझी का हमला: कांग्रेस ने डर के मारे बनाया बांग्लादेश, कश्मीर को दिया अलग दर्जा
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक जीतन राम मांझी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। पटना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की डरपोक नीतियों ने भारत को कमजोर कर दिया। मांझी ने कहा कि कांग्रेस ने डर के मारे बांग्लादेश बनाया और कश्मीर को स्वतंत्र दर्जा देकर ऐतिहासिक भूल की।
उन्होंने कहा कि 1971 में बांग्लादेश का निर्माण कांग्रेस की कमजोरी का परिणाम था। अगर उस समय कांग्रेस ने मजबूत रुख अपनाया होता, तो भारत और अधिक शक्तिशाली स्थिति में होता। कश्मीर के अलग दर्जे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इसी नीति का खामियाजा देश आज तक भुगत रहा है।
मांझी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर वही कदम उठाया जो कांग्रेस कभी नहीं उठा सकी। साथ ही उन्होंने शराबबंदी कानून से ताड़ी को अलग करने की अपनी पुरानी मांग दोहराई और कहा कि सरकार में आने पर यह कदम वह खुद उठाएंगे।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मांझी ने कहा कि राहुल नासमझ हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को सच्चा सम्मान दिया, जो कांग्रेस सरकारें कभी नहीं कर पाईं। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के तहत दृढ़ता से लड़ रहा है और जो भी भारत के खिलाफ साजिश करेगा उसे कुचला जाएगा।